महाराष्ट्र के चंद्रपुर में सोमवार रात डीजल से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। ज्वलनशील ईंधन के बीच लोगों की भीड़ जमा होने से आगजनी और बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, चंद्रपुर से बल्लारपुर की ओर जा रहा डीजल कैप्सूल टैंकर, जिसका नंबर GJ12 CT 4999 है, रात करीब 11 बजे कामगार चौक के पास अनियंत्रित होकर

सड़क के बीचोंबीच पलट गया। टैंकर से डीजल बहने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। सूचना मिलते ही चंद्रपुर शहर पुलिस, रामनगर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल भीड़ को हटाकर इलाके को सुरक्षित किया और यातायात को नियंत्रित किया। हादसे के कारण चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। पुलिस की समय पर कार्रवाई से आगजनी और संभावित बड़ी दुर्घटना का खतरा टल गया।