उत्तराखंड के खटीमा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुड़ाई में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं और आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों से संवाद किया। सीएम धामी ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने गोदभराई रस्म में शामिल होकर 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट और 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट

वितरित की। वहीं, पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और 9 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व 2 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य एवं पोषण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड में कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और हर बच्चे को स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारयुक्त वातावरण मिले।