हजारीबाग में पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 5 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और गृहरक्षकों की टीम ने शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच की।

इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 23, ट्रिपल लोडिंग के 15 और मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने वाले 8 लोगों के खिलाफ चालान काटा गया। वहीं, नो पार्किंग जोन में खड़े 57 ऑटो, टोटो और अन्य वाहनों का चालान किया गया। टो मशीन यानी छोटे क्रेन की मदद से नो पार्किंग जोन से 5 वाहनों को उठाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
