हजारीबाग जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम यानी SIR-2026 के तहत दावे और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसे लेकर उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और अद्यतन स्थिति की जानकारी दी गई।
बताया गया कि नो मैपिंग और विसंगति वाले मामलों में जारी नोटिस से संबंधित मतदाताओं की ऑनलाइन सुनवाई शुरू हो गई है। बीएलओ घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर ECINet पर अपलोड कर रहे हैं। मतदाताओं को सुनवाई के लिए ERO या AERO कार्यालय बुलाने की जरूरत नहीं है।

जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3 लाख 76 हजार 795 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें 2 लाख 97 हजार 21 नोटिस वितरित हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 16 हजार 147 मामलों में दस्तावेज अपलोड किए गए हैं। दावे-आपत्ति चरण में अब तक 78 हजार 779 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं।
वहीं, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए 5 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप भी लगाया गया। मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क और टोल फ्री नंबर 1950 की सुविधा उपलब्ध है।

