गाजियाबाद के साहिबाबाद में दशहरा से पहले रावण के पुतले की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लाजपत नगर स्थित नगर निगम के सामुदायिक केंद्र में सोमवार सुबह रावण के पुतले में पटाखे और आतिशबाजी की सामग्री भरते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में पांच लोग झुलस गए, जिनमें कुछ नाबालिग भी बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना तेज था कि सामुदायिक केंद्र के बड़े हॉल की दो दीवारें भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए

अस्पताल ले जाया गया। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जबकि तीन को जीटीबी अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद अवैध पटाखा फैक्ट्री की अफवाह भी फैली, लेकिन एसीपी साहिबाबाद ने इसे खारिज करते हुए कहा कि वहां पटाखे बनाने का काम नहीं हो रहा था।