हजारीबाग के सेंट स्टीफंस स्कूल ने सहोदया वॉलीबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक और बालिका दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीत लिया। 3 अक्टूबर को होली क्रॉस स्कूल, हजारीबाग में आयोजित प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 21 और बालिका वर्ग की 7 टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सेंट स्टीफंस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ

विद्यालय ने लगातार दसवीं बार सहोदया वॉलीबॉल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के अभय राज को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’, जबकि बालिका वर्ग की कक्षा 11 की छात्रा काजल सिंह मुश्कान को भी यह सम्मान मिला। विद्यालय की प्राचार्या कल्पना बारा ने खिलाड़ियों और कोच प्रियरंजन कुमार सिंह को बधाई दी। इस दोहरे स्वर्ण पदक से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।