विनोबा भावे विश्वविद्यालय के UCET में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संस्कृत भाषा प्रमाणपत्रीय और संस्कृत भाषा दक्षता पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा की पहल पर शुरू किया गया यह पाठ्यक्रम अब दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुका है। एक वर्षीय संस्कृत भाषा प्रमाणपत्रीय पाठ्यक्रम 8 क्रेडिट का है, जिसमें 15 वर्ष से अधिक उम्र का कोई भी संस्कृत सीखने का इच्छुक

व्यक्ति नामांकन करा सकता है। पाठ्यक्रम की कुल फीस 1500 रुपये निर्धारित है। प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम में सफल विद्यार्थी 12 क्रेडिट वाले एक वर्षीय संस्कृत भाषा दक्षता पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे। बताया गया कि पहले वर्ष 46 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया था, जिनमें 43 ने परीक्षा दी और 42 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। पाठ्यक्रम में संस्कृत पढ़ने, लिखने और बोलने के साथ श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का भी अभ्यास कराया गया।