दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर हमले के मामले में आरोपी को-पायलट की पहचान सामने आने का दावा किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ओमान का नागरिक है और उसका नाम हमाम अल-हमामी बताया जा रहा है। दावा है कि वह पहले ओमान एयर में काम कर चुका था और कथित कट्टरपंथी विचारों के चलते उसे ओमान में उड़ान भरने से रोक दिया गया था। इसके बाद वह यूएई चला गया और बाद में

फ्लाईदुबई में नौकरी करने लगा। इजरायली मीडिया की रिपोर्ट में जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया गया है कि आरोपी का कथित इरादा विमान को इजरायल में क्रैश कराने का था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। 30 सितंबर को हुई इस घटना में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर खतरे के बावजूद आरोपी का मुकाबला किया और विमान को सुरक्षित बचाने में अहम भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनके साहस की सराहना की।