हजारीबाग स्थित भारत स्काउट एवं गाइड राज्य प्रशिक्षण केंद्र सह जिला मुख्यालय में 2 अक्टूबर को गांधी एवं शास्त्री जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाएं की गईं। इसके बाद संस्था के पदाधिकारियों, स्काउट और गाइडों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान प्रवीण कुमार जायसवाल और जिला सचिव मधुसूदन कुमार सिंह ने दोनों महापुरुषों के योगदान और विचारों पर विद्यार्थियों से चर्चा की। कार्यक्रम के बाद स्काउट-गाइडों ने प्रशिक्षण केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अलावा निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले संत रोबोट बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, यदुनाथ गर्ल्स हाई स्कूल और होली क्रॉस स्कूल के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट शिक्षक और स्काउट-गाइड मौजूद रहे।
