लगातार मेहनत और लगन के दम पर जामुड़िया के परसिया कोलियरी निवासी ईसीएल कर्मी संतोष गिरी के पुत्र कुणाल कुमार ने नीट-यूजी 2026 में सफलता हासिल की है। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 18,252 और स्टेट रैंक 508 हासिल कर कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज, कोलकाता में एमबीबीएस में प्रवेश का अवसर प्राप्त किया है। कुणाल वर्ष 2023 से नीट की तैयारी कर रहे थे। वर्ष 2025 से उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर नियमित कोचिंग ली। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रानीगंज के एसकेएस पब्लिक स्कूल से हुई, जहां से उन्होंने माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके

बाद कोटा के सेंट्रल पब्लिक स्कूल से 10+2 की पढ़ाई पूरी कर 85 प्रतिशत अंक हासिल किए। कुणाल के पिता संतोष गिरी ने बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि पोता डॉक्टर बने। परिवार ने इसी लक्ष्य को लेकर बेटे की पढ़ाई में लगातार सहयोग किया। कुणाल ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सक बनने के बाद जरूरतमंदों की सेवा करना और चिकित्सा सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उनकी सफलता से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी है।