खेलो झारखंड 2026-27 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हजारीबाग के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल और एथलेटिक्स में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक वर्ग वॉलीबॉल के फाइनल में इचाक की टीम ने पदमा को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन निर्णायक क्षणों में इचाक के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और

रणनीति के दम पर जीत दर्ज की। वहीं खो-खो के बालक वर्ग में टाटीझरिया ने डाड़ी को, जबकि बालिका वर्ग में सदर ने कटकमसांडी को हराया। दूसरी ओर जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी शुक्रवार को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना हुए। शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
