कर्नाटक के मंगलुरु में बुधवार को मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड यानी MRPL के परिसर में जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि धमाका रिफाइनरी की CHT यूनिट में हुआ। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका असर MRPL परिसर से कई किलोमीटर दूर तक महसूस किया गया। बाजपे स्थित मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रशासनिक कार्यालय की खिड़कियों के शीशे हिलने लगे, जबकि पास के

जोकट्टे गांव में कुछ घरों और पंचायत कार्यालय की खिड़कियों के शीशे टूटने की जानकारी सामने आई है। धमाके के बाद यूनिट से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। शुरुआती जानकारी में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई, जबकि बाद में एक व्यक्ति की मौत की खबर है। MRPL के एक अधिकारी के मुताबिक, एक कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी को करीब 35 प्रतिशत जलने की चोट आई है। घटना के बाद राहत और बचाव दल ने मोर्चा संभाला और प्रभावित यूनिट को अलग कर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई की गई।