धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। डहुआटांडा के कटिहार मार्केट निवासी 70 वर्षीय सुरेश चौरसिया रात करीब 9:45 बजे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगत जी मंदिर के पास FCI के चावल लदे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

हादसे से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर कई वाहनों में तोड़फोड़ की। परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने ट्रक से चावल की बोरियां भी निकाल लीं। पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद शव को उठाया गया।
