आसनसोल के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गरुई ब्रिज की जर्जर सड़क से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। पुल पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और दरारें हैं। कई स्थानों पर सड़क के भीतर लगी लोहे की सरिया बाहर निकलकर मुड़ गई है। इससे तेज रफ्तार वाहनों, खासकर दोपहिया चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। शाम के समय वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या भी सामने आती है। मामले की जानकारी मिलने पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने

बुधवार को गरुई ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों, गड्ढों और बाहर निकली सरिया का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से भी समस्या की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि ब्रिज की खराब स्थिति को लेकर जिलाधिकारी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से बातचीत की गई है। एनएचएआई की ओर से 8 अक्तूबर तक सड़क की मरम्मत पूरी करने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मार्ग होने के कारण क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत जरूरी है।
