बोकारो सिटी में अपराध पर अंकुश लगाने और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। सिटी डीएसपी राजीव रंजन की अगुवाई में रक्षक राइडर्स, टाइगर मोबाइल और थाना प्रभारियों के साथ अलग-अलग इलाकों में पेट्रोलिंग की गई। इसी दौरान सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ में सरकारी शराब दुकान के पास खुले में शराब पी रहे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई और कई लोग शराब की बोतलें छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। अभियान के दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी क्राइम चेकिंग भी की गई। पुलिस ने कहा कि खुले में शराब पीने वालों को पहले चेतावनी दी जा चुकी है। अब सरकारी शराब दुकानों के आसपास सार्वजनिक जगहों पर शराब पीते पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। सिटी डीएसपी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर रोक लगाना है।
