हजारीबाग में यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 28 और 29 सितंबर को शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर अभियान चलाया गया। पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान और गृहरक्षकों की टीम ने इंद्रपुरी चौक, आनंद चौक, मेन रोड, झंडा चौक, खाजा चौक समेत कई इलाकों में वाहनों की जांच की।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 103 लोगों, ट्रिपल लोडिंग के 33 मामलों और मोबाइल का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने के 10 मामलों में चालान काटा गया। वहीं नो-पार्किंग में खड़े 239 ऑटो, टोटो और अन्य वाहनों पर कार्रवाई की गई। टो मशीन यानी छोटे क्रेन की मदद से नो-पार्किंग जोन से 10 वाहनों को उठाया गया। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

