30 सितंबर को प्रस्तावित झारखंड बंद को लेकर हजारीबाग में मंगलवार की शाम मशाल जुलूस निकाला गया। झारखंड किसान सभा, झारखंड विस्थापित संघर्ष मोर्चा, सीपीएम, झारखंड राज्य स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच और खतियानी परिवार समेत विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता इस जुलूस में शामिल हुए। मशाल जुलूस पुराना समाहरणालय स्थित धरना स्थल से शुरू होकर कचहरी चौक, आनंद चौक और गुरु गोविंद सिंह रोड चौक होते हुए झंडा चौक पहुंचा। इस दौरान

आंदोलनकारियों ने जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, किसानों और विस्थापितों के अधिकार, पुनर्वास, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कई मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। संगठन से जुड़े नेताओं ने किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, विद्यार्थियों और आम लोगों से 30 सितंबर के प्रस्तावित बंद में सहयोग की अपील की। नेताओं के मुताबिक बंद के जरिए विभिन्न जनमुद्दों और अधिकारों से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। मशाल जुलूस में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।