रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित उलादका प्राथमिक विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य का मंगलवार को शिलान्यास किया गया। हजारीबाग लोकसभा सांसद मनीष जायसवाल और रामगढ़ विधायक ममता देवी ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की। दोनों कक्षा-कक्षों का निर्माण डीएमएफटी मद से कराया जाएगा। इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि अतिरिक्त कमरों के निर्माण से

विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास को बच्चों की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। गोला पहुंचने पर सांसद का स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। सांसद ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास का भरोसा दिलाया।