सिंगरौली की चर्चित इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी |

सिंगरौली की चर्चित इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी |

मध्य प्रदेश के सिंगरौली से सोशल मीडिया की चर्चित इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत का मामला सामने आया है। 30 वर्षीय निधि तिवारी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोशल मीडिया पर उनके करीब 16 लाख फॉलोअर्स थे। फेसबुक पर करीब 9 लाख और इंस्टाग्राम पर लगभग 7 लाख लोग उन्हें फॉलो करते थे।

निधि ने साल 2024 में मिस प्रिटी इंडिया का खिताब भी जीता था। वह मॉडलिंग और सोशल मीडिया कंटेंट के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थीं। बताया गया है कि शनिवार शाम वह किसी से फोन पर बातचीत कर रही थीं, जिसके बाद यह घटना हुई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलने के बाद मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मौत की वजह को लेकर अभी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।