पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में BJP बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करीब 42 वर्षीय चंदन भल्ला के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 11 के बूथ नंबर 201 के BJP अध्यक्ष थे। परिजनों के मुताबिक रविवार शाम चंदन को फोन कर बुलाया गया था। आरोप है कि वार्ड नंबर 12 के त्रिशूलापट्टी इलाके में दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोककर पॉइंट-ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मार दी और बाइक से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर

स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चंदन को बोलपुर सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस व्यक्तिगत विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।