उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी एवं थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में 26 सितंबर को हिरणपुर बाजार के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क अतिक्रमण और वाहन जांच को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुभाष चंद्र बोस चौक, गली नंबर-1 व 2, थाना चौक सहित अन्य स्थानों पर सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने तथा दुकानों का सामान सड़क पर रखकर यातायात बाधित करने वालों को कड़ी हिदायत दी गई। दुकानदारों, गैराज संचालकों एवं वाहन चालकों को 24 घंटे के भीतर सड़क किनारे रखा सामान हटाने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई

की जाएगी। वाहन जांच के दौरान आगे और पीछे निर्धारित नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। जांच में करीब 10-12 टोटो, 2 टेंपो एवं 2 पिकअप वाहनों को जब्त कर कुल 21,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। जुर्माना जमा करने के बाद वाहनों को मुक्त करने की प्रक्रिया पूरी की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने दुकानदारों, गैराज संचालकों एवं वाहन चालकों से सड़क किनारे अवैध पार्किंग और अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर खड़े खराब वाहन और अवैध पार्किंग से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना और जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण नियंत्रण और सुगम यातायात के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
