धनबाद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई डेयरी और मिठाई दुकानों में औचक जांच की। टीम ने पनीर, घी और खोवा के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजे हैं। कार्रवाई के दौरान स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में टीम के पहुंचने पर संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया। जांच में दुकान का FSSAI लाइसेंस एक्सपायर्ड मिला।

यहां से 48 किलो संदिग्ध पनीर, 2 किलो घी और खोवा जब्त किया गया और प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया। वहीं पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ। इसके अलावा कई अन्य दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
