तेलंगाना के आदिलाबाद में सरकारी RIMS अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट यानी SNCU वार्ड में आधी रात आग लगने से दो नवजात शिशुओं की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग वार्ड में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वार्ड में करीब 30 नवजातों का इलाज चल रहा था। अचानक AC यूनिट में धमाका हुआ और कुछ ही देर में पूरे वार्ड में धुआं फैल गया।
अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद की और बच्चों को सुरक्षित निकालने की कोशिश शुरू की। कुल 27 नवजातों को वार्ड से बाहर निकालकर दूसरे जनरल वार्ड और पास के निजी अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। हादसे में कई बच्चों को चोटें आईं और सांस लेने में परेशानी हुई। तीन नवजातों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राजर्षि शाह और SP अखिल महाजन अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

