हिंदी साहित्य विकास परिषद ट्रस्ट एवं धनबाद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 27 सितंबर 2026, रविवार को धनबाद क्लब धनबाद में एक भव्य हास्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य साहित्य और हास्य के माध्यम से शहरवासियों को मनोरंजन के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा और आनंद के कुछ यादगार पल प्रदान करना है। देश के तीन नामचीन हास्य कवि श्री संपत सरल, श्री सरदार मंजीत सिंह एवं श्री अमित शुक्ला अपनी हास्य व्यंग्य रचनाओं एवं काव्य पाठ से श्रोताओं को हँसाएंगे, गुदगुदाएंगे और हास्य रस से सराबोर करेंगे। इनके साथ धनबाद के स्थानीय साहित्यकार श्री बसंत जोशी एवं श्री सुशांत तकुमार भी अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को विशेष रूप प्रदान करेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम में धनबाद के बुद्धिजीवी वर्ग, साहित्यकारों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों तथा साहित्य प्रेमियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। साथ ही आम

नागरिक भी इस कार्यक्रम में शामिल होकर हास्य कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकते हैं। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। इसके लिए प्रवेश्श पास की व्यवस्था की गई है। इच्छुक व्यक्ति धनबाद क्लब एवं गोल शिक्षण संस्थान, मेमको भौड़ से निःशुल्क प्रवेश पास प्राप्त कर सकते हैं। हिंदी साहित्य विकास परिषद ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री संजय आनंद ने कहा कि हास्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आज की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में लोगों को कुछ खुशनुमा पल देने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का एक सशक्त माध्यम भी है। परिषद के सचिव श्री राकेश शर्मा ने कहा कि हिंदी साहित्य विकास परिषद हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रचार प्रसार तथा साहित्यकारों को मंच प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हास्य उत्सव भी इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। धनबाद क्लब के सचिव श्री बसंत हेलिवाल ने कहा क्लब की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। कार्यक्रम निर्देशक श्री दीपक सोनी ने कहा कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की जा रही हैं। उन्होंने धनबादवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ इस विशेष हास्य संध्या में शामिल होकर देश के प्रसिद्ध हास्य कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लें।