महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को एक दूध से भरा टैंकर पलट गया। हादसा डहाणू तालुका के तवा गांव की सीमा में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। गुजरात से विरार की ओर जा रहा अमूल का टैंकर करीब दोपहर 4 बजे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर दूसरी लेन में जाकर पलट गया और उसका स्टोरेज हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर से हजारों लीटर दूध सड़क पर फैल गया। इसके बाद आसपास के ग्रामीण और हाईवे से गुजर रहे

लोग बोतल, बाल्टी, ड्रम और दूसरे बर्तनों में दूध भरने के लिए मौके पर पहुंच गए। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर कासा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।