बिहार के भागलपुर से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के तरैटा बहियार में कर्मा-धर्मा पर्व के दौरान स्नान करने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा सोमवार सुबह हुआ। जानकारी के मुताबिक, बच्चे पर्व को लेकर तालाब में स्नान करने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और उसे बचाने की कोशिश में बाकी बच्चे भी गहरे पानी

में उतर गए। देखते ही देखते छह बच्चे डूब गए। स्थानीय लोगों ने सभी बच्चों को पानी से बाहर निकाला और सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।