दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा एवं काली पूजा को लेकर नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियों के मद्देनजर वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद की सामान्य मासिक बोर्ड बैठक शीघ्र आयोजित करने की मांग की है। इस संबंध में पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी को संयुक्त रूप से आवेदन सौंपा। पार्षद निभा देवी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, चेनु बीबी, रबिया बीबी, अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, बिमल चंद्र राउत, राजा अंसारी एवं गुड्डू कुमार भगत ने आवेदन में कहा कि पर्व के दौरान शहर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ेगी और विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे। पार्षदों ने पूजा स्थलों, मुख्य सड़कों एवं गली-मोहल्लों में विशेष

साफ-सफाई, नियमित कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही पूजा समितियों एवं नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय के लिए पूर्व से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि संबंधित लोगों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर आगामी माह बोर्ड की सामान्य बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
