बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों 10वीं कक्षा के छात्र हैं और 19 सितंबर की शाम उन्हें कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया था। वायरल वीडियो में दोनों को परेशान किए जाने और छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार के दृश्य सामने आए हैं। वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने दोनों नाबालिगों की पहचान

कर उनके बयान दर्ज किए और शिकायत के आधार पर FIR दर्ज की। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में POCSO समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोपियों के खिलाफ POCSO के तहत कार्रवाई की मांग की है।