देश में मानसून की रफ्तार भले ही धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हो, लेकिन कई राज्यों में बारिश का दौर अभी जारी है। मौसम विभाग ने 15 सितंबर को देश के 20 राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राजधानी दिल्ली में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश

में तेज बारिश और 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाओं का अलर्ट है। राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बिहार के 17 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। गुजरात के 8 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और तमिलनाडु में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

