हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र में विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल पर जर्जर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। सदर प्रखंड के स्थिर केसुरा मोड़ से सरौनी रोड जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर बने गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने का काम ग्रामीण विकास विभाग के अभियंता के माध्यम से कराया जा रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी हो रही

थी। विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने के साथ-साथ विभागीय मंत्री और अधिकारियों से भी लगातार मरम्मत की मांग की थी। विधायक प्रतिनिधियों दिनेश कुशवाहा, कौलेश्वर रजक, सुमन राय, राजेश यादव और चंदन सिंह ने कार्यस्थल का निरीक्षण कर काम की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि गड्ढे भरने से तत्काल राहत मिलेगी, लेकिन सड़कों का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण जरूरी है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत शुरू होने पर विधायक के प्रति आभार जताया।

