हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र के तोरार गांव में हुए जघन्य हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बेला गांव निवासी विकास गुंजू और प्रकाश गुंजू के रूप में हुई है। इस मामले में पहले ही दो आरोपी मंगरा कच्छप और रतन कुजूर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर की रात तोरार गांव निवासी जोगेश्वर भुईयां की हत्या हुई थी। मृतक की पत्नी के आवेदन पर 7 सितंबर को कटकमसांडी थाना

में मामला दर्ज किया गया था। घटना की जांच के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। जांच के दौरान छापामारी कर 12 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में पेलावल अंचल के पुलिस निरीक्षक सपन महथा, थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

