रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पर एक बार फिर मौसम का असर देखने को मिला है। शुक्रवार तड़के चिरबासा हेलीपैड के पास बादल फटने के बाद करीब 150 मीटर के क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के चलते पैदल मार्ग पर बड़ी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर आ गए। सुरक्षा को देखते हुए कुछ समय के लिए केदारनाथ यात्रा रोक दी गई। सूचना मिलते ही

प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रास्ते से मलबा हटाने का काम शुरू किया। फिलहाल पैदल यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई है, जबकि घोड़े-खच्चरों की आवाजाही अभी बंद है। अधिकारियों के मुताबिक घटना में फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

