हजारीबाग शहर में सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और ठेला-खोमचा व्यवसाय को व्यवस्थित करने की कवायद शुरू हो गई है। उपायुक्त हेमन्त सती ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की योजना का जायजा लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता समेत नगर निगम के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। उपायुक्त ने कहा कि सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन बनने से फुटपाथ और सड़कों पर अनियोजित रूप से लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा।

साथ ही शहर की सुंदरता, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित स्थलों की उपयोगिता, उपलब्ध भूमि, यातायात और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही जल्द डीपीआर तैयार करने को कहा। वेंडिंग जोन में दुकानदारों के लिए पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

