बेंगलुरु से खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कर्नाटक की राजधानी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारनगर के डॉलर्स कॉलोनी स्थित चेयरमैन्स क्लब की रसोई को सील कर दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री यू.टी. खादर के निर्देश पर विभाग ने गुरुवार रात विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान रसोई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन सामने आए। निरीक्षण में करीब 40 किलो एक्सपायरी मिर्च मिली, जबकि ब्रेड क्रम्ब्स और शाही जीरा पर FSSAI के नियमों के मुताबिक सही

लेबलिंग नहीं पाई गई। इसके अलावा रसोई में अत्यधिक गंदगी, अनधिकृत कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल और खाद्य सामग्री के भंडारण में लापरवाही सामने आई। जांच के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा गया था, वहीं किचन में कॉकरोच भी पाए गए। एक्सपायरी और नियमों का उल्लंघन करने वाली खाद्य सामग्री को जब्त कर लिया गया। इन गंभीर कमियों को देखते हुए विभाग ने क्लब की रसोई को सील कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा और मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी निरीक्षण और सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

