छतरपुर, मध्य प्रदेश से बड़ी खबर है। बागेश्वर धाम में युवा पीढ़ी यानी Gen Z को सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और नई ऊर्जा की दिशा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय ‘आत्मशुद्धि ध्यान शक्ति शिविर’ की शुरुआत हुई है। शिविर में देशभर से करीब 750 युवा और सदस्य शामिल हुए हैं। पहले दिन ब्रह्म मुहूर्त में योग साधना का आयोजन किया गया। इसके बाद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने युवाओं को संबोधित किया और उन्हें देश का भविष्य बताया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि आने वाले समय में AI और ChatGPT दुनिया को तेजी से बदलने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि AI के बढ़ते प्रभाव को लेकर लोगों के मन में नौकरियां जाने और मानवता पर असर पड़ने जैसी चिंताएं हैं, लेकिन वह इस डर से सहमत नहीं हैं। उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक के दौर में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और देश के नेतृत्व के लिए खुद को तैयार करने का आह्वान किया। तीन दिवसीय इस शिविर में योग, ध्यान और आत्मचिंतन के जरिए युवाओं को मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

