बड़कीपोना। मायल रेलवे स्टेशन जाने वाली जर्जर सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है, जिससे रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण रमेश दांगी ने बताया कि मायल रेलवे स्टेशन की साइडिंग में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क का स्वरूप बिगड़ गया है। स्टेशन के पास रेलवे रैक से प्रतिदिन कोयले की ढुलाई होती है, जिससे सड़क पर भारी

वाहनों का दबाव बना रहता है और सड़क जर्जर हो गई है। बदहाल सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। मौके पर मौजूद सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने ग्रामीणों को जल्द समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर जल्द मिट्टी-मोरम डालने समेत मरम्मत के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। वहीं स्कूली बच्चों ने जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की, ताकि उन्हें रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।

