केरेडारी/बड़कागांव। केरेडारी-टंडवा मुख्य मार्ग पर कोयला और फ्लाई ऐश ढो रहे ट्रिप ट्रेलर और हाईवा की बेलगाम आवाजाही अब आम लोगों के लिए परेशानी के साथ खतरा भी बनती जा रही है। डाम्हाबागी फोरलेन से चुंदरू तक भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही के कारण घंटों जाम लगा रहा। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ट्रिप ट्रेलर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों की कतार लगने से रास्ता बेहद संकरा हो गया और बाइक व छोटे वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस मार्ग पर जाम अब रोज की समस्या बन चुका है। स्कूली बच्चे, मरीज, नौकरी-पेशा लोग और कारोबारी घंटों जाम में फंसते हैं।
लोगों का आरोप है कि परिवहन बढ़ने के बावजूद यातायात नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की गति पर निगरानी, अनधिकृत पार्किंग पर रोक और जाम वाले स्थानों पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की है

