पाकुड़। झारखंड के आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में चल रही 24 जिला भ्रमण यात्रा पाकुड़ पहुंची। पाकुड़ पहुंचने पर उन्होंने वीर शहीद सिद्धो-कान्हू मुर्मू पार्क में अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो ने पाकुड़ के छात्रों और युवाओं से संवाद कर झारखंड की मौजूदा भर्ती व्यवस्था, नियुक्ति प्रक्रियाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और JPSC-JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्र हित के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और

लोकतांत्रिक तरीके से संगठित होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 24 जिला भ्रमण यात्रा का उद्देश्य भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त नियुक्ति प्रक्रिया तथा युवाओं के अधिकार और भविष्य की लड़ाई को मजबूत करना है। वहीं, पाकुड़ के JLKM नेता मार्क बास्की ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, युवा, बुद्धिजीवी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

