फरक्का। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में सम्मानित हुए समाजसेवी लुत्फुल हक का इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, फरक्का की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। फरक्का ब्लॉक हॉल में आयोजित समारोह में उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लुत्फुल हक ने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से खुशी के साथ समाज के लिए और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। इस

दौरान उन्होंने NEET क्वालीफाई करने वाले छह मेडिकल विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यार्थियों से चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश की सेवा करने की अपील की। समारोह में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फरक्का के संपादक कल्याण कुमार भट्टाचार्य, अधिवक्ता रबीउल आलम समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन देबोलीना बनर्जी ने किया। कार्यक्रम में समाजसेवा के सम्मान के साथ युवाओं को शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने का संदेश भी दिया गया।

