हजारीबाग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत रविवार, 30 अगस्त को न्यू संत कोलंबस कॉलेज ग्राउंड में हजारीबाग पुलिस के वरीय पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के बीच टेनिस बॉल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर आयोजित इस मुकाबले में अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की कप्तानी में दो टीमों ने हिस्सा लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए SDPO बड़कागांव की टीम ने 15 ओवर में 7 विकेट खोकर 147

रन बनाए। इकरामुल ने 13 गेंदों में 35, पवन सिंह ने 12 गेंदों में 24 और संजीव ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में जितेंद्र विश्वकर्मा ने 3 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अपर पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की टीम 15 ओवर में 9 विकेट पर 114 रन ही बना सकी। आशुतोष ने 47 और जीतू ने 23 रन बनाए। इस तरह SDPO बड़कागांव की टीम ने 33 रन से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन के सफल संचालन में हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

