हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, 21-22 अगस्त की रात सूचना मिली थी कि गैंग के सदस्य कोयला खनन और ट्रांसपोर्टिंग क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद SDPO बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में SIT गठित कर गिद्दी-भुरकुंडा रोड पर पुराने कांटा घर के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। करीब 3:50 बजे बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे जंगल की ओर भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर घायल हुए, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा है। मौके से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर गोली, चार खोखे, बाइक, दो मोबाइल और राहुल दुबे के नाम वाले तीन पर्चे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में लेवी वसूली के लिए कोयला क्षेत्र में दहशत फैलाने की योजना की जानकारी सामने आई है।

