हजारीबाग में विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर हजारीबाग फोटोग्राफी एसोसिएशन की ओर से सेवा, सम्मान और सामाजिक संवेदना से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हुड़हुड़ू स्थित मूक-बधिर दिव्यांग बच्चों के बीच फल वितरण और केक काटकर की गई। इसके बाद प्रधान कैफेटेरिया में फोटोग्राफी मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन के दिवंगत सदस्य स्वर्गीय मुकेश कुमार सिंह और स्वर्गीय राजन भैया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। वहीं वरिष्ठ फोटोग्राफरों कृष्ण गुप्ता, अरुण गुप्ता, सुबोध गुप्ता, प्रवीण जायसवाल, अजय वर्मा, राजेश सिन्हा, बिपिन वर्मा और

अमरेश कुमार को बुके, शॉल, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रंजन चौधरी ने कहा कि फोटोग्राफी सिर्फ तस्वीर खींचने की कला नहीं, बल्कि समय, भावनाओं और यादों को संजोने का माध्यम है। उन्होंने एसोसिएशन की सामाजिक गतिविधियों की सराहना की। इस अवसर पर ओल्ड एज होम में फल वितरण, मिनी एक्सपो के पोस्टर की लॉन्चिंग तथा सदस्यों के बीच आई-कार्ड और नए स्टूडियो रेट चार्ट का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। आयोजन ने फोटोग्राफरों के बीच एकजुटता, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

