हजारीबाग के मालवीय मार्ग स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को सप्तशती संगम के तत्वावधान में मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, भारत माता पूजन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। समारोह में विद्यालय से जुड़ी मातृशक्तियों को सम्मानित करते हुए सप्तशती संगम की स्मारिका भेंट की गई। इस अवसर पर सप्तशती संगम की हजारीबाग विभाग सह प्रमुख एकता कुमारी ने मातृशक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सप्तशती संगम भारतीय नारी शक्ति के सात विशिष्ट

गुणों—कीर्ति, श्री, वाणी, स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा—को केंद्र में रखकर मातृशक्ति के सम्मान और जागरण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला माना गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान को सम्मान देना और नारी शक्ति के आदर्शों को समाज तक पहुंचाना रहा। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

