हजारीबाग पुलिस ने कटकमसांडी थाना कांड संख्या 177/19 में बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार चल रहे टीपीसी के एरिया कमांडर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के पचमू निवासी बलवंत जी उर्फ छोटू कुमार और गिद्धौर थाना क्षेत्र के दुआरी निवासी गिरेन्द्र के रूप में हुई है। मामला वर्ष 2019 में कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में आगजनी और हाइवा वाहन में आग लगाने से जुड़ा है। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं लंबे समय से फरार

आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बलवंत उर्फ छोटू कुमार का चतरा और आसपास के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं गिरेन्द्र के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस टीम ने बीती रात कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया। टीम में कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

