पाकुड़ शहर में बढ़ती यातायात समस्या और जाम से निजात दिलाने की मांग को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। उन्होंने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस या चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया है। पत्र में कहा गया है कि मुख्य सड़कों पर यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। नगर परिषद अध्यक्ष ने रेलवे

गुमटी के दोनों छोर, खुदीराम बोस चौक, गांधी चौक, अंबेडकर चौक, इंदिरा चौक, राज हाई स्कूल रोड और न्यायालय के पास यातायात पुलिस या चौकीदार तैनात करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि दोपहर 2 से शाम 4 बजे के बीच भारी वाहनों के आवागमन से कई जगह जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने वाहनों के आवागमन को समय के अनुसार नियंत्रित करने का सुझाव भी दिया, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित हो सके।

