पाकुड़ विधानसभा की विधायक निसात आलम ने सीएमटीसी, पाकुड़ में पलाश मार्ट का विधिवत शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पलाश मार्ट के जरिए ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को परिवार और समाज के विकास के

लिए महत्वपूर्ण बताया। वहीं, विधायक निसात आलम ने ‘सखी संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं और सखी मंडल की सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को सुना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है।

