हजारीबाग के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग में बुधवार को गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पाठक सहित अन्य आचार्यों ने दीप प्रज्वलन, भारत माता पूजन और तुलसीदास जी के चित्र पर पुष्पार्चन कर किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार पाठक ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, मर्यादा, भक्ति और आदर्श जीवन मूल्यों को जन-जन तक

पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि तुलसीदास जी की रचनाएं आज भी समाज को सत्य, धर्म, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने तुलसीदास जी के जीवन और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वहीं कक्षा चतुर्थ के छात्र सोनू कुमार ने संत शिरोमणि तुलसीदास के वेश में अभिनय कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन सोनाक्षी कुमारी ने किया, जबकि आचार्य अमरेंद्र कुमार आनंद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

