शहर की नगरीय व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित बनाने को लेकर उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में नगर निगम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सफाई व्यवस्था, जलजमाव, नालियों की सफाई, अवैध निर्माण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और वेंडिंग जोन समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने बरसात के दौरान जलजमाव वाले इलाकों को चिह्नित कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिना स्वीकृत नक्शे और नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे

भवनों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रतिष्ठानों और निर्माणाधीन भवनों को सात दिनों के भीतर जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा गया है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए 15 दिनों में कार्ययोजना तैयार करने, बेहतर पार्किंग और व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने चिकित्सकों और अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा।

