झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर सियासत एक बार फिर गरमा गई है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कैबिनेट में परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला छात्रों को गुमराह करने की एक सोची-समझी साजिश के तहत लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि अब गलत तरीके से चयनित अभ्यर्थी कोर्ट का रुख करेंगे। कोर्ट सरकार और सीआईडी से सबूत मांगेगा और इसके बाद सीआईडी की

ओर से कथित तौर पर गलत रिपोर्ट पेश की जा सकती है। बाबूलाल मरांडी के मुताबिक, ऐसी स्थिति में कोर्ट सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले पर रोक भी लगा सकता है। बाबूलाल मरांडी ने छात्रों से सतर्क रहने और सीबीआई जांच की मांग पर मजबूती से डटे रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और सीबीआई जांच के आदेश जारी होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

