देश के कई हिस्सों में सोमवार को मानसून सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा में कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले दो दिनों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं असम और मेघालय समेत पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत में 17 से 20 अगस्त के दौरान तटीय आंध्र

प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी/घंटा, जबकि कुछ स्थानों पर 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं। तापमान 24-26°C से 33-35°C के बीच रह सकता है। बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। वहीं गुजरात, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के भी कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। राजस्थान में मौसम आंशिक रूप से बादल छाया रहने और कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।

